*जनपद की सातों तहसीलों में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस; महोली में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
* जिले भर में आए कुल 438 प्रार्थना पत्र, मौके पर 65 मामलों का हुआ निस्तारण; शेष के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा तय
सीतापुर(संवाददाता)। आमजन की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी सात तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील महोली में क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की मौजूदगी में अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की पीड़ा सुनी। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
लाभार्थीपरक योजनाओं को दें प्राथमिकता.समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की कल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय रहते सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी नियमित समीक्षा कर उनके समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
मौके पर जाकर हकीकत परखें अधिकारी. शिकायतकर्ता की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर स्थलीय निरीक्षण करें और दोनों पक्षों को सुनकर पारदर्शी तरीके से समाधान कराएं। महोली तहसील में समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
438 में से 65 शिकायतों का मौके पर फैसला.जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को कुल 438 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 65 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। तहसील महोली में 126 में से 17, सिधौली में 71 में से 5, सदर में 50 में से 7, मिश्रिख में 38 में से 13, महमूदाबाद में 26 में से 7, लहरपुर में 42 में से 5 और बिसवां में 85 में से 11 मामलों का निस्तारण किया गया। शेष बचे प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।


0 टिप्पणियाँ